डेराबस्सी 02 Jan :
रामगढ़ रोड पर शनिवार को एक तेज रफ्तार सीटीयू बस की टक्कर से एक ऑटो रिक्शा पलट गया। हादसे में ऑटो में सवार तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद बस चालक मौके पर ही बस छोड़कर फरार हो गया, जबकि बस कंडक्टर मौके पर मौजूद रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो चालक रामगढ़ से डेराबस्सी की ओर सवारियां लेकर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार सीटीयू बस ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो सड़क पर पलट गया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ऑटो में फंसी सवारियों को निकालने के बजाय बस चालक मौके से फरार हो गया।
राहगीरों की मदद से ऑटो को सीधा किया गया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। बस कंडक्टर ने भी घायलों को अस्पताल ले जाने में सहयोग किया। हादसे के चलते कुछ समय के लिए सड़क पर जाम की स्थिति बन गई, जिसे ऑटो को सड़क से हटाने के बाद सुचारू किया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि बस चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।