लुधियाना/ यूटर्न/23 मार्च।आज पूरा देश अमर शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव थापर के बलिदान को नमन कर रहा है। इसी अवसर पर लुधियाना के ऐतिहासिक नौघरा इलाके में स्थित सुखदेव थापर की जन्मस्थली पर विशेष श्रद्धांजलि सभा और हवन यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। शहीद सुखदेव थापर मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम देशभक्ति की उस परंपरा को आगे बढ़ाता है, जिसका उद्देश्य नई पीढ़ी को राष्ट्रप्रेम और बलिदान की भावना से जोड़ना है। सुबह 10:30 बजे हवन यज्ञ शुरू होगा, जिसकी पूर्ण आहुति दोपहर 12:30 बजे दी जाएगी। इस दौरान अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ विश्व शांति और सद्भाव के लिए विशेष प्रार्थना की जाएगी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोग देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ लेंगे और शहीदों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लेंगे। आयोजकों ने शहरवासियों से बड़ी संख्या में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की है। कार्यक्रम को लेकर चौड़ा बाजार क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि सभी श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के आयोजन में भाग ले सकें।