जालंधर/ यूटर्न/23 मार्च।जालंधर जिले के गोराया थाना क्षेत्र में लूट की एक और घटना सामने आई है। यह वारदात गांव घुरका के पास संग ढेसियां नहर पुल के नजदीक हुई। जानकारी के अनुसार, कार पेंटर जसवीर राज से दो अज्ञात लुटेरों ने एक हजार रुपये नकद छीन लिए और उनका मोबाइल फोन तोड़ दिया। पीड़ित ने बताया कि वह काम से छुट्टी लेकर अपने रिश्तेदारों के घर जा रहे थे, तभी रास्ते में बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। लुटेरों ने उन्हें गोली मारने की धमकी दी और नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एएसआई बावा सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।