हरियाणा/ यूटर्न/21 मार्च।हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वैश्विक सहयोग के नए दौर में हरियाणा अफ्रीकी देशों के साथ अपने संबंधों को मजबूत करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि हरियाणा औद्योगिक, आर्थिक, कृषि, पशुपालन, डेयरी और बागवानी जैसे क्षेत्रों में अग्रणी बन चुका है, जहां आपसी सहयोग से विकास को नई गति मिलेगी। नई दिल्ली में आयोजित भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट 2026 के तहत भारत–अफ्रीका सामरिक साझेदारी बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने यह विचार व्यक्त किए। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मनोहर लाल ने की, जबकि श्रीपद येस्सो नाइक भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा और अफ्रीका के रिश्ते केवल व्यापार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि “हार्ट टू हार्ट” संबंध हैं। कृषि तकनीक, उन्नत बीज, सिंचाई और डेयरी विकास में साझेदारी से दोनों पक्षों को लाभ होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह सहयोग नए आयाम स्थापित करेगा, जिससे आर्थिक प्रगति के साथ वैश्विक स्तर पर साझा विकास और समृद्धि को भी बल मिलेगा।