बठिंडा/ यूटर्न/21 मार्च।मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत पंजाब को सुरक्षित बनाने की मुहिम में एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने बड़ी सफलता हासिल की है। बठिंडा पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन में दो मुलजिमों को गिरफ्तार किया गया है और उनके कब्जे से दो गैर-कानूनी देसी .32 बोर पिस्तौल, मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। यह जानकारी डीजीपी पंजाब ने दी। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान जैकी कुमार उर्फ जैकी (परसराम नगर, बठिंडा) और विकास अरोड़ा (विशाल नगर, बठिंडा) के रूप में हुई है। विकास अरोड़ा आपराधिक पृष्ठभूमि वाला दोषी है और घरेलू हिंसा के मामले में भी शामिल रहा है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि वे बठिंडा में एक व्यापारी को लूटने की योजना बना रहे थे और हथियार दिल्ली से खरीदे गए थे। एजीटीएफ के डीआईजी ने बताया कि जैकी और विकास को पंचवटी क्षेत्र, मित्तल मॉल के पास देखा गया। पुलिस ने उन्हें जीटी रोड पर रोकने का प्रयास किया, लेकिन सरहिंद नहर के पास भागने की कोशिश की। तत्परता से कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और हथियार बरामद किए गए।