लुधियाना/ यूटर्न/21 मार्च।लुधियाना में हुक्का और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों पर लगी पाबंदी के बावजूद अवैध कारोबार जारी है। इसी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना हैबोवाल पुलिस ने बलोकी रोड पर छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो खुलेआम हुक्का और नशीले फ्लेवर की सप्लाई कर रहा था।हवलदार मनदीप सिंह के अनुसार 20 मार्च को पुलिस टीम इलाके में गश्त कर रही थी। जब टीम ग्रीन एवेन्यू और गांव बल्लोके के पास पहुंची, तो उन्हें गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध रूप से हुक्का और प्रतिबंधित फ्लेवर बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बलोकी रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर दबिश दी। जांच में आरोपी की पहचान अशोक कुमार निवासी ग्रीन एवेन्यू के रूप में हुई। वह ठेके के बाहर घूम-घूमकर ग्राहकों को नशीले फ्लेवर ऑफर कर रहा था। पुलिस ने मौके पर ही उसे काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 2 चालू हुक्के, प्रतिबंधित फ्लेवर के पैकेट और अन्य सामान बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 223 के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।