लुधियाना/ यूटर्न/21 मार्च।लुधियाना में चेन स्नैचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं और ताजा मामला थाना सदर क्षेत्र से सामने आया है। धांदरा रोड स्थित जैन मंदिर चौक के पास दिनदहाड़े एक महिला को निशाना बनाया गया। पीड़िता बिंदू ने पुलिस को बताया कि वह अपनी एक्टिवा पर दुगरी की ओर जा रही थी, तभी एक युवक ने अपनी एक्टिवा उसकी गाड़ी के आगे लगाकर उसे रोक लिया। इसके बाद आरोपी ने जबरदस्ती उसके गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गया। पूरी वारदात इतनी तेजी से हुई कि महिला कुछ समझ ही नहीं पाई। सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि बढ़ती स्नैचिंग की घटनाओं को देखते हुए गश्त बढ़ा दी गई है और आरोपी को जल्द पकड़ने के प्रयास जारी हैं।