चंडीगढ़/ यूटर्न/21 मार्च।अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बच्चू सिंह बैंसला 22 मार्च को अपने दो दिवसीय दौरे पर पंजाब पहुंचेंगे। इस दौरान उनके गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात करने की संभावना जताई जा रही है।
बैंसला के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, इस दौरे के दौरान प्रदेश कार्यकारिणी की अहम बैठक भी आयोजित होगी, जिसमें पंजाब में गुर्जर समाज के प्रतिनिधित्व को लेकर कोई बड़ा निर्णय या घोषणा की जा सकती है।
गौरतलब है कि पंजाब में लगभग 9% आबादी रखने वाला गुर्जर समाज लंबे समय से राजनीतिक और प्रशासनिक भागीदारी बढ़ाने की मांग करता रहा है। ऐसे में यदि इस मुलाकात के दौरान कोई ठोस फैसला सामने आता है, तो इसका राज्य की राजनीति पर व्यापक प्रभाव पड़ सकता है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए विभिन्न दलों द्वारा गुर्जर समाज को साधने के प्रयास तेज हो सकते हैं। यदि समुदाय से जुड़े किसी नए नेतृत्व को जिम्मेदारी सौंपी जाती है, तो यह आगामी चुनावी समीकरणों को प्रभावित करने वाली अहम पहल साबित हो सकती है। हालांकि, इस संभावित मुलाकात की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है, लेकिन बैंसला ने अपने दौरे की पुष्टि कर दी है, जिससे राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।