मोहाली/ यूटर्न/20 मार्च। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “युद्ध नशिया विरुद्ध” के तहत एसएएस नगर पुलिस ने शाही माजरा क्षेत्र में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाकर एक बड़ी सफलता हासिल की। इस दौरान पुलिस ने एक नामजद ड्रग तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 8 ग्राम हेरोइन बरामद की।
यह कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन (कासो) विशेष डीजीपी टीएसएस राम सिंह, आईपीएस के निर्देशन में चलाया गया, जिसमें पुलिस की कई टीमें और गजटेड अधिकारी शामिल रहे। अभियान के दौरान पूरे इलाके को घेरकर घर-घर तलाशी ली गई, वहीं संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की गई।
पुलिस ने इस दौरान इलाके में रह रहे किरायेदारों और पीजी में रहने वाले लोगों का भी सत्यापन किया। अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई का उद्देश्य नशा तस्करी में शामिल तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करना और क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाना है।
एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।