हरियाणा/ यूटर्न/20 मार्च। नवरात्रि के शुभ अवसर पर माता मनसा देवी मंदिर परिसर में रक्तदान जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 65 श्रद्धालुओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। यह शिविर श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट, महामाई मनसा देवी चैरिटेबल भंडारा कमेटी और श्री ओंकार दास मित्तल चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड, जिला रेड क्रॉस सोसायटी पंचकूला, जीएमसीएच-32 चंडीगढ़ और सिविल अस्पताल पंचकूला के सहयोग से आयोजित किया गया।
शिविर का उद्घाटन हरियाणा के मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini ने किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे इस पुण्य कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लें, क्योंकि रक्तदान से बढ़कर कोई दान नहीं है और इसका कोई विकल्प नहीं है। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी सुमन सैनी सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने भी भाग लेकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
आयोजकों ने बताया कि रक्तदान का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों की मदद करना है। शिविर में 7 लोगों को स्वास्थ्य कारणों से रक्तदान की अनुमति नहीं दी गई। अंत में सभी रक्तदाताओं को प्रशंसा पत्र, स्मृति चिन्ह और बैज देकर सम्मानित किया गया।