चंडीगढ़/ यूटर्न/19 मार्च।मोहाली के सेक्टर-9 में प्रॉपर्टी डीलर चमनप्रीत नागरा उर्फ ‘चीनी’ की हत्या के मामले में पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने हरियाणा के कैथल में बड़े ऑपरेशन के दौरान दोनों शूटरों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने फायरिंग की, जिस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और दोनों घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान राजन उर्फ पीयूष पहलवान (फिरोजपुर) और प्रीतम शाह (नवांशहर) के रूप में की है। दोनों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और तीन पिस्तौल बरामद हुई हैं। शुरुआती जांच में इन हथियारों के इस्तेमाल की पुष्टि हुई।
जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी राजन हाल ही में मलेशिया से नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारत लौटा था। पुलिस का अनुमान है कि हत्या एक सोची-समझी साजिश के तहत की गई। दोनों आरोपी पहले से कई आपराधिक मामलों में वांछित बताए जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, AGTF ने तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपियों का पीछा करते हुए कैथल में घेराबंदी की और मुठभेड़ के बाद उन्हें काबू किया।
हत्या के बाद चमनप्रीत नागरा के परिवार में भारी गुस्सा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि मामले में जल्द बड़े खुलासे होंगे। चंडीगढ़ प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को तलब किया है और कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त कदम उठाने के संकेत दिए हैं। AGTF अब पूरे नेटवर्क और संभावित गैंग लिंक की गहन जांच कर रही है।