पंजाब/ यूटर्न/19 मार्च।मोहाली के खरड़ क्षेत्र की हॉस्पिटल रोड पर बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कार चला रहा व्यक्ति पुलिस की वर्दी में था और उसकी गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। आरोपी की पहचान हेड कॉन्स्टेबल गुरजीत सिंह के रूप में हुई है, जो PB13AC-0710 नंबर की वर्ना कार चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार काफी तेज गति में थी और उसने रास्ते में कई गाड़ियों को टक्कर मारी। कार पर एके-47 के स्टिकर भी लगे हुए थे। जब आरोपी की कार सिविल अस्पताल के सामने पहुंची, तो स्थानीय लोगों ने उसे घेर लिया। इस दौरान आरोपी और लोगों के बीच बहस भी हुई। लोगों का कहना है कि आरोपी शराब के नशे में था। वीडियो बनते देख वह शांत हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया और मेडिकल जांच करवाई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।