लुधियाना/ यूटर्न/19 मार्च। लुधियाना में 9 वर्षीय अमन की गला रेतकर हत्या के मामले में पुलिस अब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है, जिससे परिजनों में भारी रोष है। पुलिस के पास आरोपी की सीसीटीवी फुटेज और पहचान होने के बावजूद कार्रवाई धीमी बताई जा रही है। परिजनों के मुताबिक, सूचना देने पर 20 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकला। मृतक के मामा ने आरोप लगाया कि पुलिस संतोषजनक जवाब नहीं दे रही और सिर्फ दबिश देने की बात कह रही है। आरोपी की पहचान अजय के रूप में हुई है, जो पहले भी आपराधिक मामले में शामिल रहा है। बताया जा रहा है कि वह पुलिस कस्टडी से फरार था। 5 फरवरी को बच्चा घर के बाहर से लापता हुआ और बाद में उसका शव पास ही मिला। परिवार ने पुलिस की लापरवाही पर गंभीर सवाल उठाए हैं।