पंजाब/यूटर्न/18 मार्च।जालंधर में नगर निगम द्वारा सिविल लाइंस स्थित होटल पार्क प्लाजा को गिराने का मामला अब तूल पकड़ गया है। होटल को गिराने से रोकने वाले भाजपा नेताओं को सेशन कोर्ट में पेश किया गया। इनमें पूर्व सांसद सुशील कुमार रिंकू, वरिष्ठ नेता मनोरंजन कालिया और पूर्व विधायक शीतल अंगुराल शामिल हैं। तीनों की कोर्ट में सुनवाई चल रही है। इसी बीच भाजपा के कार्यकारी प्रधान अश्वनी शर्मा जालंधर पहुंचे और कोर्ट रोड पर धरना दे दिया। जालंधर सेंट्रल के पूर्व विधायक केडी भंडारी सहित भाजपा नेताओं ने सड़क जाम कर दी, जिसके चलते पुलिस ने ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया। अश्वनी शर्मा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार भाजपा की मोगा रैली से घबराई हुई है और इसी कारण नेताओं पर केस दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता इन मामलों से डरने वाले नहीं हैं और सरकार की नीतियों का विरोध जारी रहेगा। जानकारी के अनुसार, कल(17 मार्च) होटल पार्क प्लाजा के पर नगर निगम की टीम ने कोर्ट से आर्डर आते ही शाम साढ़े 6 बजे के करीब जेसीबी मशीन चला दी थी। यहां पर आते ही होटल के सामने वाले छज्जे और दो पिल्लर पर मशीन चला दी। नगर निगम ने होटल के कुछ हिस्से को अवैध बताया गया था। इसी दौरान होटल गिराने का विरोध करने पर रात को सुशील कुमार रिंकू, मनोरंजन कालिया और शीतल अंगुराल को हिरासत में लिया था। तीनों को थाना सदर में रातभर रखा गया। उन पर सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप है।