पंजाब/यूटर्न/18 मार्च।लुधियाना के थाना डेहलों अंतर्गत गांव नंगल में चोरों के हौसले बुलंद हैं। यहां स्थित पैरागोन इंटरनेशनल स्कूल को चोरों ने अपना निशाना बनाया। रात के अंधेरे में दीवार फांदकर घुसे 4 अज्ञात युवकों ने स्कूल के कमरों के ताले तोड़े और कीमती सामान चुराकर फरार हो गए। स्कूल में तैनात प्राइवेट टीचर मनपाल सिंह निवासी किला रायपुर ने पुलिस को बताया कि, यह वारदात 13 मार्च की तड़के करीब 3:05 बजे हुई। स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में साफ दिख रहा है कि 4 अज्ञात नौजवान दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए। चोरों ने स्कूल में प्रवेश करते हुए पहले माथा टेका और कमरों के ताले तोड़कर अंदर रखे सामान को खंगाला और दराज में रखा कैश, 2 लेनोवो टेबलेट, ब्लूटूथ स्पीकर और कॉलर माइक, बच्चों के लिए रखे गए गिफ्ट्स चोरी कर ले गए। टीचर मनपाल सिंह के बयानों के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 305, 331(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।