चंडीगढ़/यूटर्न/17 मार्च।भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि AAP का तथाकथित “पंजाब मॉडल” केवल झूठे वादों और प्रचार तक सीमित रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चार साल पहले बड़े-बड़े वादों के साथ सत्ता में आई सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।
चुग ने कहा कि चुनाव के समय AAP ने 25 लाख नौकरियां देने, चार महीनों में नशा खत्म करने और किसानों को हर फसल पर MSP देने का वादा किया था, लेकिन चार साल बाद भी इनमें से कोई भी वादा पूरा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि राज्य में बेरोजगारी और युवाओं में निराशा लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 16 मेडिकल कॉलेज, 16,000 मोहल्ला क्लिनिक और बुजुर्गों व विधवाओं के लिए 2,500 रुपये पेंशन जैसी घोषणाएं केवल कागजों तक सीमित रह गई हैं।
चुग ने कहा कि सरकार के कार्यकाल में कानून व्यवस्था की स्थिति भी खराब हुई है और राज्य में नशा, गैंगस्टर गतिविधियां तथा उगाही के मामले बढ़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पंजाब के विकास की बजाय अरविंद केजरीवाल की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को आगे बढ़ाने में लगी है।
उन्होंने कहा कि उद्योगों का पलायन, किसानों की परेशानियां और युवाओं की बेरोजगारी ने पंजाब की स्थिति को कमजोर किया है।