चंडीगढ़/यूटर्न/17 मार्च।
सोमवार दोपहर करीब दो बजे जीरकपुर की सड़कों पर उस समय हड़कंप मच गया जब सायरन बजाती एक क्रेटा कार को रोकने की कोशिश करने पर चालक ने ट्रैफिक पुलिस को काफी देर तक शहर में दौड़ाया। आखिरकार ट्रैफिक पुलिस ने पीछा कर वाहन को काबू में ले लिया और नियमों के उल्लंघन पर चालान कर दिया।
ट्रैफिक पुलिस के एएसआई सुखविंदर सिंह ने बताया कि चेकिंग के दौरान एक क्रेटा कार, जिस पर भारतीय जनता पार्टी का झंडा लगा हुआ था, तेज सायरन बजाते हुए गुजर रही थी। पुलिस ने वाहन को रोककर दस्तावेजों की जांच करनी चाही, लेकिन चालक ने रुकने की बजाय गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और काफी देर तक पुलिस के साथ चूहा-बिल्ली का खेल चलता रहा।
इस दौरान चालक लगातार ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाता रहा और पुलिस को शहर में इधर-उधर घुमाता रहा। काफी मशक्कत के बाद ट्रैफिक पुलिस ने क्रेटा कार को रोक लिया। पूछताछ के दौरान चालक ने अपना नाम साहिल कुकरेजा बताया।
सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो में वह खुद को हाल ही में आम आदमी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुआ बताते हुए भाजपा पंजाब का उपप्रधान होने का दावा करता दिखाई दे रहा है। पुलिस के अनुसार जब उससे सायरन लगाने की अनुमति के बारे में पूछा गया तो उसने कहा कि उसे केंद्र सरकार से इसकी अनुमति मिली है। साथ ही उसने विधायक से लेकर मुख्यमंत्री तक जान-पहचान होने की धौंस भी दिखाई और डीएसपी से लेकर डीआईजी तक अधिकारियों से बात करवाने की बात कहने लगा।
ट्रैफिक इंचार्ज इंस्पेक्टर मनफूल सिंह के अनुसार चालक ने उनसे भी बदसलूकी और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। इसके बाद इंस्पेक्टर मनफूल सिंह ने कानून के तहत कार्रवाई करते हुए एएसआई सुखविंदर सिंह को चालक के खिलाफ चालान करने के निर्देश दिए।
पुलिस ने सायरन बजाने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से बदसलूकी के आरोप में चालान कर दिया है। ट्रैफिक इंचार्ज ने पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को भी दे दी है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और शहर में इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।