चंडीगढ़/यूटर्न/17 मार्च।ढकोली से मुबारकपुर को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर घग्गर नदी पर बना काजवे (पुलिया) इन दिनों किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहा है। तेज बहाव के कारण हुए कटाव से सड़क का एक बड़ा हिस्सा अंदर से पूरी तरह खोखला हो चुका है। ऊपर से देखने में सड़क सामान्य लगती है, लेकिन नीचे की मिट्टी बह जाने के कारण सिर्फ डामर की पतली परत ही वाहनों का भार संभाल रही है।
इस मार्ग से रोजाना हजारों की संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार जब भी कोई भारी वाहन इस रास्ते से निकलता है तो सड़क में कंपन महसूस होती है। लोगों का कहना है कि यदि कोई वाहन किनारे के ज्यादा करीब चला जाए तो सड़क किसी भी समय धंस सकती है और वाहन सीधे नदी में गिर सकता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हर साल बरसात के मौसम में यह समस्या सामने आती है, लेकिन विभाग केवल मिट्टी की बोरियां डालकर अस्थायी समाधान कर देता है। इस बार स्थिति पहले से ज्यादा गंभीर है।
लोगों का कहना है कि रात के समय यहां दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा खतरा रहता है, क्योंकि मौके पर न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है और न ही बैरिकेडिंग की गई है। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
पीडब्ल्यूडी के जेई गुलाब सिंह ने बताया कि इस स्थान पर नया पुल बनाने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। कुछ तकनीकी कारणों से काम शुरू होने में देरी हुई है, लेकिन जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। फिलहाल लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए काजवे की अस्थायी मरम्मत करवाई जाएगी और चेतावनी संकेत भी लगाए जाएंगे।