चंडीगढ़/यूटर्न/17 मार्च। अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल से जुड़ा एक कथित AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) वीडियो सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में एक कंकाल को पगड़ी पहनाकर मंदिर की परिक्रमा और लंगर हॉल में जूते पहने हुए दिखाया गया है, जिसे सिख मर्यादा के खिलाफ माना जा रहा है। इसको लेकर सिख समुदाय में गहरा रोष देखने को मिल रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने जांच शुरू कर दी है। एसजीपीसी सदस्य गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने कहा कि वीडियो को मंगवाकर इसकी सत्यता और स्रोत की जांच की जाएगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय होगी। यह पहला मामला नहीं है जब AI के जरिए धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगा हो। इससे पहले भी ऐसे वीडियो सामने आए थे, जिनमें परिक्रमा में जूते पहनकर घूमना, कार ले जाना और आपत्तिजनक हरकतें दिखाना शामिल था। इन मामलों में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन अमृतसर में 29 जनवरी को केस भी दर्ज किया गया था। वायरल वीडियो करीब 1 मिनट 36 सेकंड का है और इसे इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया, जिसे लाखों लोग देख चुके हैं। अब एसजीपीसी की AI जांच कमेटी इस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।