पंजाब/यूटर्न/17 मार्च। पंजाबी सिंगर बब्बू मान गन कल्चर व हथियारों को प्रमोट करने वाले कई गीत गा चुके हैं। हालांकि अब वो ऐसे गीतों को गाने से परहेज करते हैं। बब्बू मान तो अब युवाओं को हथियारों से दूर देने के लिए प्रेरित करने लगे हैं। हाल ही में उन्होंने मलेरकोटला के लाइव शो में युवाओं को यहां तक कह दिया कि हथियार-परचे गानों में ही अच्छे लगते हैं, जेल में कोई अचार भी नहीं देता। पंजाब पुलिस ने इस क्लिप को अपने सोशल मीडिया पेज पर अपलोड करके बब्बू मान को ब्रांड एंबेस्डर के तौर पर पेश किया है। पुलिस ने मान को एक 'पॉजिटिव इन्फ्लुएंसर' और ब्रांड एंबेसडर के तौर पर पेश करते हुए युवाओं को गन कल्चर से दूर रहने का संदेश दिया है। पुलिस का मकसद युवाओं को यह समझाना है कि अपराध की राह पर चलने का अंजाम सिर्फ बर्बादी है। बब्बू मान ने युवाओं से अपील की कि वे अपनी ताकत को शिक्षा और रचनात्मक कार्यों की ओर मोड़ें। उन्होंने कहा कि असली बहादुरी समाज के लिए एक मिसाल बनने में है, न कि अपराध की दुनिया में नाम कमाने में। पंजाब पुलिस ने इस क्लिप के जरिए 'एंटी-गन कल्चर' मुहिम को प्रमोट करने की कोशिश की है, ताकि राज्य के युवा अपराध की चमक-धमक से प्रभावित होकर अपना भविष्य न बिगाड़ें।