लुधियाना/यूटर्न/15 मार्च। थाना लाडोवाल के अधीन आते गांव तलवंडी में निहंग सिंहों ने नशा तस्करों के अड्डों पर रेड की। इस दौरान नशा तस्करी करने वाली एक महिला समेत आठ लोगों को पकड़ लिया। जिसके बाद उन्हें थाना लाडोवाल की पुलिस हवाले कर दिया गया। आरोप है कि ये लोग पीर बाबा की मजार बनाकर वहां नशे का कारोबार चला रहे थे। इससे पहले भी कुछ दिन पहले निहंग जत्थे ने इसी गांव में चिट्टे को लेकर रेड की थी। यहां बड़ा सवाल यह है कि थाना से कुछ किलोमीटर दूरी पर यह गांव है, जो नशा तस्करों के लिए मशहूर है। फिर भी इलाका पुलिस यहां कोई बड़ी कार्रवाई करने में असफल साबित हो रही है। जानकारी के अनुसार इलाके के लोगों ने निहंगों को शिकायत दी थी कि गांव में एक घर में मजार के नाम पर नशा बेचा जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद निहंग बाबा कुलदीप सिंह अपने साथियों और स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और उक्त घर में रेड की। जहां पर आठ लोग पकड़े गए। वहीं उनसे कई और लोगों के मोबाइल नंबर भी बरामद हुए हैं, जो लगातार उनके संपर्क में थे।
---