पंजाब/यूटर्न/ 12 मार्च।अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर हमले के बाद खरड़ में इन दिनों गैस की भारी किल्लत ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई तो बंद ही है। अब घरेलू गैस सिलेंडर भी आसानी से उपलब्ध नहीं हो रहे हैं। इस स्थिति के कारण लोगों को सुबह-सुबह ही गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि लगभग 20 दिन पहले बुक कराए गए घरेलू सिलेंडर भी अभी तक घरों तक नहीं पहुंचे हैं। इससे घरों की रसोई पर सीधा असर पड़ रहा है और कई परिवारों को खाना बनाने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। कई उपभोक्ता दफ्तर खुलने से पहले ही सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों के बाहर पहुंच रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि गैस की ऑनलाइन बुकिंग भी ठीक से काम नहीं कर रही है। गैस कंपनियों के पोर्टल और मोबाइल ऐप में तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं, जिसके चलते उपभोक्ताओं को जानकारी के लिए खुद एजेंसी जाना पड़ रहा है।
होटल ढाबों पर काम मुश्किल
दूसरी ओर, होटल, ढाबों और छोटे कारोबारियों को भी कमर्शियल गैस की कमी से जूझना पड़ रहा है। कई दुकानदारों का कहना है कि गैस न मिलने के कारण उनके कामकाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। अगर यह स्थिति रही तो उन्हें एक दो दिन में ही कारोबार बंद करना पड़ेगा। लोगों का मानना है कि मध्य-पूर्व में चल रहे युद्ध का असर अब आम लोगों की रसोई तक पहुंचने लगा है। निवासियों ने प्रशासन और गैस कंपनियों से जल्द से जल्द स्थिति सुधारने की मांग की है, ताकि लोगों को इस परेशानी से राहत मिल सके। इंडेन गैस कंपनी के प्रतिनिधियों का कहना है कि केवाईसी (KYC) न होने की वजह से भी आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इस कारण लोग अब अपनी केवाईसी पूरी करवाने के लिए भी एजेंसियों के चक्कर लगा रहे हैं। गैस की आपूर्ति प्रभावित होने से बाजार में किल्लत लगातार बढ़ती जा रही है।