पुनीत महाजन
चंडीगढ़ : राम दरबार फेस-2 में मकान नंबर 716 के पास वार्ड नंबर 19 की गली में सीवरेज का गंदा पानी बहने की समस्या को लेकर कल जारी किए गए प्रेस नोट और समाचार पत्र में प्रकाशित खबर का असर देखने को मिला। आज सुबह खबर की कटिंग सामने आने के बाद संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सीवर लाइन की सफाई व गली की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया।
गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से इस गली में सीवरेज का गंदा पानी लगातार बह रहा था, जिससे पूरी गली नाले में तब्दील हो गई थी। गंदगी, कीचड़ और बदबू के कारण स्थानीय लोगों का निकलना मुश्किल हो गया था। सबसे ज्यादा परेशानी उन स्कूली बच्चों को हो रही थी जिन्हें रोज इसी गली से होकर स्कूल जाना पड़ता है। कई बार बच्चे फिसलकर गिर भी चुके थे, जिससे अभिभावकों में चिंता का माहौल बना हुआ था और गंदगी के कारण बीमारियां फैलने का खतरा भी लगातार बढ़ रहा था।
इस गंभीर समस्या को लेकर समाजसेवी (अरविंद सिंह), निवासी हल्लोमाजरा, और भारतीय एकता मंच के जनरल सेक्रेटरी कम को कन्वीनर( पुनीत महाजन) ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए प्रेस नोट जारी किया था और तुरंत कार्रवाई की मांग की थी। खबर प्रकाशित होते ही प्रशासन ने संज्ञान लिया और आज सुबह मौके पर काम शुरू करवा दिया गया।
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही सीवर लाइन की पूरी तरह सफाई और गली की मरम्मत कर दी जाएगी, जिससे क्षेत्र के लोगों और स्कूली बच्चों को इस परेशानी से राहत मिलेगी। लोगों ने कहा कि मीडिया के माध्यम से उठाई गई आवाज का असर हुआ है और प्रशासन द्वारा तुरंत कार्रवाई शुरू करना सराहनीय कदम है। म्युनिसिपल कॉरपोरेशन के सारे स्टाफ का बहुत धन्यवाद उन्होंने लोगों की समस्या को सुना और तुरंत उसका काम शुरू किया