जम्मू, 10 मार्च: केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 87वें स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर 76वीं बटालियन सीआरपीएफ द्वारा रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से जीएमसीएच, बख्शी नगर जम्मू में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सीआरपीएफ के जवानों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान करते हुए मानवता की सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।
यह शिविर जीएमसीएच जम्मू के प्रिंसिपल डॉ. आशुतोष गुप्ता, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. वीरेंद्र त्रिशाल और 76वीं बटालियन के कमांडेंट वेजोटो टिनयी की उपस्थिति में आयोजित किया गया। शिविर में 76वीं बटालियन के अधिकारियों और जवानों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए रक्तदान किया।
रक्तदान शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज में सीआरपीएफ द्वारा किए जा रहे जनसेवा कार्यों के प्रति लोगों को जागरूक करना और जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना था।
इसके अलावा यूनिट मुख्यालय 76वीं बटालियन, गंग्याल (जम्मू) में एक स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया। इस दौरान सीएमओ (एसजी) डॉ. मोनिका पॉल ने जरूरतमंद लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें मुफ्त दवाइयां वितरित कीं। यह पहल समाज के प्रति सीआरपीएफ की सेवा भावना को दर्शाती है।