डेराबस्सी 10 March : नगर कौंसिल के प्रधान सरदार उदयवीर सिंह ढिल्लों ने मंगलवार को वार्ड नंबर 27 में नई सड़क का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पार्षद रेणु पवन नेहरू, शिवम नेहरू, काउंसलर हर्ष ऋषि सहित वार्ड के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी की मौजूदगी में विधिवत रूप से सड़क का उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पार्षद रेणु पवन नेहरू ने बताया कि वार्ड नंबर 27 में विकास कार्यों को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि वार्ड के करीब 40 विकास कार्यों के टेंडर जारी किए जा चुके हैं और टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। जल्द ही इन सभी कार्यों की शुरुआत कर दी जाएगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने नगर कौंसिल के प्रधान सरदार उदयवीर सिंह ढिल्लों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके सहयोग से वार्ड में विकास कार्यों को गति मिली है। पार्षद ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य वार्ड नंबर 27 को साफ-सुथरा और हरा-भरा बनाना है, ताकि यहां रहने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
रेणु पवन नेहरू ने कहा कि वह पिछले पांच वर्षों से लगातार वार्ड की सेवा कर रहे हैं और आगे भी जनता की सेवा के लिए हर समय उपलब्ध रहेंगे। नई सड़क के उद्घाटन और आने वाले विकास कार्यों को लेकर वार्ड के लोगों में खुशी का माहौल देखने को मिला।