पंजाब/ यूटर्न/10 मार्च। जगराओं के कोठे हरि सिंह में दो भाइयों के बीच संपत्ति विवाद के दौरान एक पक्ष द्वारा हवाई फायरिंग करने से दहशत फैल गई। इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, फायरिंग हवा में की गई थी, लेकिन गोली चलने की आवाज से स्थानीय लोगों में डर का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से गोली के खाली खोल बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विवाद कोठे हरि सिंह में रहने वाले एक परिवार से जुड़ा है। परिवार में एक बुजुर्ग के तीन बेटे हैं। बुजुर्ग अपनी जमीन छोटे बेटे के नाम करना चाहते हैं, जिसका बाकी दो बेटे विरोध कर रहे हैं। इसी घरेलू विवाद के चलते भाइयों के बीच लंबे समय से संपत्ति को लेकर झगड़ा चल रहा था।
जांच के बाद होगी कानूनी कार्रवाई: थाना इंचार्ज
विवाद के दौरान बहस इतनी बढ़ गई कि एक व्यक्ति ने डराने के इरादे से हवा में गोली चला दी। मनोहर लाल नामक व्यक्ति ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। थाना सिटी के इंचार्ज परमिंदर सिंह ने कहा कि फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ उचित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।