पंचकूला 07 March :
हरियाणा के चर्चित सिंगर Badshah एक बार फिर अपने नए गाने “टटीरी” को लेकर विवादों में घिर गए हैं। गाने के कुछ शब्दों को लेकर आपत्ति जताते हुए पंचकूला के साइबर थाने में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई है।
मिली जानकारी के अनुसार एक समाजसेवी ने शिकायत देकर आरोप लगाया है कि गाने के कुछ शब्दों से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। शिकायत में कहा गया है कि ऐसे शब्दों का इस्तेमाल सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों के खिलाफ है, जिस पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए Haryana State Commission for Women की चेयरपर्सन ने भी संज्ञान लिया है और संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की है। आयोग की ओर से कहा गया है कि यदि किसी की भावनाओं को ठेस पहुंची है तो मामले की पूरी जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
वहीं शिकायत के बाद सिंगर बादशाह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर करीब डेढ़ मिनट का वीडियो जारी कर सफाई दी। उन्होंने कहा कि किसी का दिल दुखाने की उनकी कोई मंशा नहीं थी। यदि उनके गाने से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह हरियाणा और सभी लोगों से माफी मांगते हैं।
बादशाह ने यह भी कहा कि वह हरियाणा से गहरा जुड़ाव रखते हैं और हमेशा हरियाणवी संस्कृति को आगे बढ़ाने की कोशिश करते रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।