कुलदीप सैनी
पंचकूला/ 07 मार्च:- सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पुलिस आयुक्तालय पंचकूला के निर्देशानुसार थाना यातायात सूरजपुर की टीम द्वारा क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहनों के विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान एक बस , जो बद्दी से बरेली (उत्तर प्रदेश) वाया मडानवाला संचालित हो रही थी, को जांच के लिए रोका गया। जांच के दौरान पाया गया कि उक्त बस बिना वैध परमिट के संचालित की जा रही थी, जो कि मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन है।
इस पर थाना यातायात सूरजपुर की टीम द्वारा बस के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत ₹43,500/- का चालान किया गया तथा नियमों के अनुसार वाहन को इम्पाउंड कर लिया गया।
पंचकूला ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बिना वैध परमिट, दस्तावेज या नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
ट्रैफिक पुलिस की आमजन से अपील: ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों व वाहन संचालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के सभी दस्तावेज पूर्ण रखें तथा यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।