चंडीगढ़ 06 March । शहर की प्रमुख सड़कों में शामिल मध्यमार्ग पर जल्द ही रिकार्पेटिंग और मरम्मत का काम शुरू होने जा रहा है। इस कारण 9 मार्च से 15 अप्रैल तक अलग-अलग हिस्सों में ट्रैफिक प्रभावित रहेगा और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
इंजीनियरिंग विभाग के रोड विंग के अनुसार यह काम हाउसिंग बोर्ड चौक से लेकर पीजीआई क्षेत्र तक किया जाएगा। इस दौरान सड़क के विभिन्न हिस्सों में रिकार्पेटिंग और मरम्मत का कार्य चरणबद्ध तरीके से होगा, जिसके चलते आवश्यकता पड़ने पर कुछ हिस्सों को अस्थायी रूप से बंद भी किया जा सकता है।
विभाग ने बताया कि जंक्शन-17 से जंक्शन-43 तक (दोनों तरफ) सड़क की मरम्मत और रिकार्पेटिंग की जाएगी। हालांकि जंक्शन-18 से जंक्शन-19, यानी पीजीआई चौक से सेक्टर-26 ट्रांसपोर्ट लाइट प्वाइंट तक का हिस्सा इस परियोजना में शामिल नहीं किया गया है।
काम के दौरान चंडीगढ़ के अलावा पंजाब, हरियाणा और अन्य राज्यों से आने-जाने वाले वाहनों को भी यातायात संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ताकि मरम्मत कार्य तय समय में सुरक्षित और सुचारु रूप से पूरा किया जा सके।