नवीन गोगना
लुधियाना, 6 मार्च: पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “युद्ध नशिया विरुद्ध” अभियान के तहत कमिश्नरेट पुलिस लुधियाना के थाना जमालपुर की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 60 पेटियां अवैध शराब बरामद की हैं।
जानकारी के अनुसार पुलिस पार्टी गश्त के दौरान इलाके में मौजूद थी। इसी दौरान शक के आधार पर टाटा ऐस को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 26 पेटियां राजथानी व्हिस्की और 34 पेटियां सुपर हिम्मत सौंफ सहित कुल 60 पेटियां शराब बरामद की गईं।
इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों तजिंदरपाल सिंह पुत्र मिहराज सिंह निवासी गांव सलाबत जिला मोगा और शैलेन्द्र सिंह पुत्र गुरमेल सिंह निवासी बाबा जीवन सिंह गुरुद्वारा साहिब के पास गांव फिरोजपुर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी तजिंदरपाल सिंह के खिलाफ पहले भी मुकदमा नंबर 125 दिनांक 28 अगस्त 2020 के तहत धारा 307, 452, 324, 448 आईपीसी और 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है, जबकि दूसरे आरोपी शैलेन्द्र सिंह के खिलाफ कोई पुराना मामला दर्ज नहीं है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।