घर से मिला तीन पन्नों का सुसाइड नोट, बेटे के बयान पर महिला के खिलाफ केस दर्ज
जीरकपुर 05 March : सनोली एरिया की एक रिहायशी सोसायटी में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 53 वर्षीय व्यक्ति ने कथित तौर पर महिला के प्रेम जाल और आर्थिक शोषण से परेशान होकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अशोक कुमार के रूप में हुई है, जो कपड़ों के एक शोरूम में नौकरी करते थे। पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान और घर से बरामद तीन पन्नों के सुसाइड नोट के आधार पर एक महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक के बेटे सागर शर्मा ने बताया कि उसके पिता पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में चल रहे थे। उसने बताया कि जब उसके पिता पंचकूला के सेक्टर-9 में काम करते थे, उसी दौरान उनकी मुलाकात सिया नाम की एक महिला से हुई थी। आरोप है कि महिला ने अशोक कुमार को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया और उनसे शादी का झांसा देकर पैसे ऐंठने शुरू कर दिए।
परिजनों के मुताबिक, महिला ने कथित तौर पर अशोक कुमार से करीब 4 से 5 लाख रुपये ले लिए। यह पैसा मृतक ने ब्याज पर उधार लेकर महिला को दिया था। इतना ही नहीं, सागर शर्मा का कहना है कि महिला के घर में मौजूद अधिकांश सामान भी उसके पिता ने ही खरीदकर दिया था।
परिवार के अनुसार, कुछ समय बाद महिला ने साफ कह दिया कि उसने सिर्फ प्यार का नाटक किया था और अब उसके संबंध किसी अन्य व्यक्ति के साथ हैं। इसके बाद वह लगातार और पैसे मांगते हुए अशोक कुमार को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगी।
बताया जा रहा है कि 2 मार्च की शाम करीब साढ़े सात बजे जब सागर अपनी मां के साथ काम से घर लौटा तो उसके पिता सीढ़ियों से उतरते हुए चिल्ला रहे थे कि वह सिया से परेशान होकर जहर खा रहे हैं। परिजन तुरंत उन्हें सेक्टर-6 पंचकूला के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि घर की तलाशी के दौरान मृतक के सिरहाने के नीचे से तीन पन्नों का सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें अशोक कुमार ने महिला द्वारा किए गए कथित मानसिक उत्पीड़न का जिक्र करते हुए अपनी मौत के लिए उसे जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने सागर शर्मा के बयान और सुसाइड नोट के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।