डेराबस्सी 04 March :
सिविल अस्पताल डेराबस्सी में सेवानिवृत्त वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी हरिंदर कौर संधू के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, अस्पताल के डॉक्टरों, स्टाफ सदस्यों और गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समारोह के दौरान माहौल भावुक रहा और सहकर्मियों ने उनकी समर्पित सेवाओं को याद किया।
अस्पताल के एसएमओ डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि हरिंदर कौर संधू ने अपने कार्यकाल के दौरान निष्ठा, अनुशासन और संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया। उन्होंने कहा कि एक नर्स केवल मरीजों का इलाज ही नहीं करती, बल्कि उन्हें मानसिक संबल भी प्रदान करती है, और इस जिम्मेदारी को उन्होंने पूरी ईमानदारी से निभाया।
हरिंदर कौर संधू फरवरी 2023 से डेराबस्सी में सेवाएं दे रही थीं। इससे पहले वह गवर्नमेंट मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल सेक्टर-16 चंडीगढ़ में भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। लंबे और समर्पित कार्यकाल के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए उन्हें राष्ट्रपति पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।
समाज सेवा के क्षेत्र में भी वह सदैव अग्रणी रहीं। समारोह के दौरान उन्होंने घोषणा की कि अस्पताल के किसी भी सफाई कर्मचारी की बेटी के विवाह अवसर पर वह अपनी ओर से 31 हजार रुपये की सहायता राशि देंगी। इसके अलावा उन्होंने मौके पर ही 51 हजार रुपये की राशि सफाई कर्मचारियों को भेंट कर अपनी उदारता का परिचय दिया।
समारोह के अंत में उन्होंने सभी उपस्थित लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि मरीजों की सेवा ही उनके लिए सबसे बड़ा धर्म रही है। उपस्थित लोगों ने तालियों की गूंज के बीच उन्हें भावभीनी विदाई दी।