चंडीगढ़, 02 मार्च :** Government Medical College and Hospital, Sector 32 में नवनियुक्त डायरेक्टर प्रिंसिपल प्रोफेसर रवनीत कौर का जीएमसीएच एम्पलाइज एंड वर्कर्स ज्वाइंट एक्शन कमेटी की ओर से भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर कमेटी के पदाधिकारियों और विभिन्न विभागों की यूनियनों के प्रतिनिधियों ने उन्हें फूलों का गुलदस्ता भेंट कर तथा मिठाई खिलाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में सुरक्षा कर्मचारी, वार्ड अटेंडेंट, पैरामेडिकल स्टाफ, लिफ्ट ऑपरेटर, पब्लिक हेल्थ कर्मचारी, ड्राइवर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, फाइल रिस्टोरर, ग्रिड आशादीप सुरक्षा कर्मचारी, मेंटल हेल्थ इंस्टीट्यूट के सफाई कर्मचारी, टेलर, कैटरिंग स्टाफ, ए.सी. प्लांट, गैस प्लांट, सीवरेज और मेंटेनेंस विभाग सहित अनेक शाखाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने प्रोफेसर रवनीत कौर को नई जिम्मेदारी संभालने पर शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में प्रोफेसर रवनीत कौर ने कहा कि वे मरीजों की बेहतर देखभाल और संस्थान के समग्र विकास के लिए सभी कर्मचारियों के साथ मिलकर कार्य करेंगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
ज्वाइंट एक्शन कमेटी के प्रधान सुखबीर सिंह ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में जीएमसीएच सेक्टर 32 नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।