चंडीगढ़ 03 March । पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव ने स्थानीय बाजारों पर भी असर डालना शुरू कर दिया है। ईरान और अमेरिका के बीच तल्ख होते संबंधों के चलते निवेशकों का रुझान सुरक्षित निवेश की ओर बढ़ा है, जिसका सीधा फायदा सोना और चांदी को मिल रहा है। चंडीगढ़ के सर्राफा बाजार में पिछले एक सप्ताह के भीतर कीमती धातुओं के दामों में तेज उछाल दर्ज किया गया है।
24 कैरेट सोना ₹1.72 लाख के पार
स्थानीय बाजार के आंकड़ों के अनुसार, 24 कैरेट सोना 25 और 26 फरवरी को 1,64,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। 28 फरवरी को इसमें तेजी आई और भाव 1,67,000 रुपये हो गए। 2 मार्च को सोना 1,72,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया।
अन्य श्रेणियों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई
* 22 कैरेट: 1,51,100 रुपये से बढ़कर 1,58,200 रुपये प्रति 10 ग्राम
• 18 कैरेट: 1,26,300 रुपये से बढ़कर 1,32,200 रुपये
• 14 कैरेट: 1,00,700 रुपये से बढ़कर 1,05,400 रुपये
चांदी में भी मजबूती
चांदी के दामों में भी उल्लेखनीय उछाल देखने को मिला है। 25 फरवरी को 278 रुपये प्रति ग्राम बिक रही चांदी 2 मार्च को 300 रुपये प्रति ग्राम पर पहुंच गई। वहीं चांदी का सिक्का 3,300 रुपये से बढ़कर 3,600 रुपये तक जा पहुंचा।
निवेशकों का झुकाव ‘सेफ हेवन’ की ओर
चंडीगढ़ ज्वेलर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों का कहना है कि वैश्विक अनिश्चितता, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और भू-राजनीतिक जोखिमों के चलते निवेशक पारंपरिक रूप से सुरक्षित माने जाने वाले विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं। सोना और चांदी ऐसी परिस्थितियों में भरोसेमंद निवेश माने जाते हैं।
सर्राफा कारोबारियों के अनुसार, यदि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव और बढ़ता है तो आने वाले दिनों में कीमतों में और तेजी संभव है। फिलहाल बाजार में मांग और भाव दोनों में मजबूती बनी हुई है।