नववर्ष की खुशियों व चारों साहिबज़ादों एवं माता गुजरी जी की लासानी शहादत को समर्पित
— पूर्व प्रधान मनजीत सिंह कामी
घनौर/यूटरन | 30 दिसंबर
पंजाब नंबरदार यूनियन गालिब 169 की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पाँचवीं बार विशेष धार्मिक समागम का आयोजन किया जा रहा है। यह समागम सिख धर्म के दशम पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के चारों साहिबज़ादों तथा माता गुजरी जी की लासानी शहादत को समर्पित होगा, साथ ही नववर्ष की खुशियों के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।
यह पावन समागम गुरुद्वारा साहिब श्री भगत धन्ना जी, घनौर से अंबाला रोड स्थित गाँव लाछड़ू खुर्द में आयोजित होगा।
नंबरदार यूनियन गालिब 169 के पूर्व प्रधान एवं पूर्व सरपंच मनजीत सिंह कामी ने जानकारी देते हुए बताया कि 30 दिसंबर 2025 से श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के श्री अखंड पाठ साहिब आरंभ होंगे। वहीं 1 जनवरी 2026 को प्रातः 10 बजे अखंड पाठ साहिब के भोग के उपरांत भव्य कीर्तन दरबार सजाया जाएगा।
मनजीत सिंह कामी ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस पावन समागम में पहुँचकर गुरु घर की खुशियाँ प्राप्त करें और रूहानी कीर्तन का आनंद लें।
इस अवसर पर गुरु का अटूट लंगर भी संगत के लिए वितरित किया जाएगा, जिसमें दाल, सब्ज़ी, प्रसादा एवं जलेबियाँ शामिल होंगी।