चंडीगढ़ 02 March । होली से ठीक पहले शहर में बम धमाके की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं। ई-मेल में सेक्टर-34 स्थित पासपोर्ट कार्यालय, सेक्टर 17 स्थित बस स्टैंड समेत कई अहम स्थानों को निशाना बनाने की बात कही गई है।
सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया। डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और संदिग्ध स्थानों की गहन जांच की गई। हालांकि, देर शाम तक किसी भी प्रकार की विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई।
प्रमुख स्थानों पर सघन जांच
धमकी में जिन स्थानों का जिक्र किया गया, उनमें सेक्टर-34 स्थित पासपोर्ट कार्यालय चंडीगढ़ और सेक्टर 17 बस स्टैंड हैं। इसके अलावा शहर के बस स्टैंड और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी तलाशी अभियान चलाया गया।
शहर के प्रवेश द्वारों पर कड़ी नाकेबंदी
त्योहार के मद्देनजर शहर में आने-जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर नाकेबंदी सख्त कर दी गई है। बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों की विशेष जांच की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत नजदीकी थाने या कंट्रोल रूम को सूचित करें।
फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है ताकि होली का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।