पंजाब/यूटर्न/28 फरवरी। इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध के बीच दुबई एयरपोर्ट्स ने शनिवार को घोषणा की कि दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (डीएक्सबी) और दुबई वर्ल्ड सेंट्रल-अल मकतूम इंटरनेशनल (डीडब्ल्यूसी) एयरपोर्ट पर सभी उड़ान संचालन अगली सूचना तक निलंबित रहेंगे। शनिवार को इजरायल द्वारा तेहरान पर किए हवाई हमलों के बाद इजरायल, ईरान, दुबई और इराक ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया, जिससे मध्य पूर्व की कई दिशाओं में हवाई यात्रा बुरी तरह प्रभावित हुई। दुबई एयरपोर्ट्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में कहा, डीएक्सबी और दुबई वर्ल्ड सेंट्रल-अल मकतूम इंटरनेशनल (डीडब्ल्यूसी) हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन अगली सूचना तक निलंबित कर दिया गया है। यात्रियों को एयरपोर्ट न जाने की सलाह दी जाती है और उड़ान संबंधी अपडेट के लिए अपनी एयरलाइन से संपर्क करें।दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक है, जहां प्रति सप्ताह 8,500 से अधिक उड़ानें और प्रतिदिन 1,200 से अधिक उड़ानें संचालित होती हैं। यहां 100 से अधिक विमानन कंपनियां 270 से ज्यादा गंतव्यों के लिए सेवाएं देती हैं। प्रमुख एयरलाइंस कंपनियों में अमीरात, फ्लाईदुबई, इंडिगो और एयर इंडिया शामिल हैं।
खाड़ी क्षेत्र के अधिकांश देशों के हवाई अड्डे प्रभावित हुए, जिसके चलते सुरक्षा कारणों से कई उड़ानें रद्द कर दी गईं, मोड़ दी गईं या फिर उनके मार्ग बदल दिए गए।
---