स्कूल-कॉलेज छात्रों को दी रोड सेफ्टी और इमरजेंसी केयर की ट्रेनिंग
अजीत झा.
चंडीगढ़ 28 Feb : युवाओं में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने शहर और मोहाली के स्कूलों व कॉलेजों में विशेष अभियान चलाया। यह कार्यक्रम वैल्यू लाइफ फाउंडेशन और सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से आयोजित किया गया।
अभियान का आयोजन यूटी चंडीगढ़ के डीजीपी डॉ. सागर प्रीत हुड्डा के नेतृत्व और आईजी पुष्पेंद्र कुमार व एसएसपी (सिक्योरिटी एवं ट्रैफिक) सुमेर प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। इसकी निगरानी डीएसपी ट्रैफिक (आरएंडडी) श्री प्रकाश ने की।
800 से अधिक छात्रों ने लिया हिस्सा
रोड सेफ्टी जागरूकता सत्र श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज फॉर वीमेन , पंजाब यूनिवर्सिटी के सेक्टर-26 स्थित कॉलेज परिसर, पुलिस प्रशासनिक ब्लॉक सेक्टर-12 और मोहाली के दोबा ग्रुप ऑफ़ कॉलेजस में आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में 800 से अधिक छात्रों ने सक्रिय भागीदारी की।
छात्रों को सड़क सुरक्षा के अहम पहलुओं, जिम्मेदार ड्राइविंग व्यवहार, प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड), आपातकालीन प्रतिक्रिया उपायों और ‘गुड सेमेरिटन’ कानून की जानकारी दी गई।
स्कूल स्तर पर भी जागरूकता
इसी क्रम में अंकुर पब्लिक स्कूल में प्रातःकालीन सभा के दौरान विद्यार्थियों को ट्रैफिक नियमों, आईएसआई मार्क हेलमेट के महत्व और सुरक्षित सड़क व्यवहार के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान रोड सेफ्टी क्विज में सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को ‘रोड सेफ्टी ट्रॉफी’ देकर सम्मानित किया गया। चिल्ड्रन ट्रैफिक पार्क की प्रभारी इंस्पेक्टर डॉ. पर्वेश शर्मा और उनकी टीम ने मोटर व्हीकल एक्ट में 1 सितंबर 2019 से लागू संशोधनों, सेंट्रल मोटर व्हीकल रूल्स और ड्राइविंग रेगुलेशंस की जानकारी दी।
‘जीरो एक्सीडेंट डेथ सिटी’ का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई और ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करने का आह्वान किया गया।
छात्रों और शिक्षकों ने अभियान को उत्साहपूर्वक समर्थन दिया। चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि इस तरह के प्रयास शहर में सुरक्षित और जिम्मेदार ट्रैफिक संस्कृति विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।