चंडीगढ़ 28 Feb । शहर के सेक्टर-26 स्थित बापूधाम पुल पर शनिवार सुबह तड़के करीब 3:30 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार में आ रही वॉक्सवैगन कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरी। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई, हालांकि कार सवार चार युवक बाल बाल बचे जबकि एक युवती घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार कार चालक की पहचान नितेश के रूप में हुई है, जो बलटाना हरमीलाप नगर का रहने वाला बताया जा रहा है। मौके पर मौजूद पत्रकार अजीत झा के अनुसार कार काफी तेज रफ्तार में थी और कार चालक समेत सवार युवक कथित तौर पर शराब के नशे में थे, जिसके चलते चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार पुल से नीचे जा गिरी।
हादसे के समय वहां से गुजर रहे जन हितेषी चैनल के पत्रकार अजीत झा ने तुरंत इसकी सुचना पुलिस कंट्रोल रूम पर दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल भिजवाया। युवती को प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। चालक के मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया भी की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हादसे के समय वह नशे में था या नहीं।
फिलहाल सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।