अजीत झा.
चंडीगढ़ 23 Feb : चंडीगढ़ सेक्टर 31 थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसएसपी कंवरदीप कौर के निर्देशों पर की गई। मामला सेक्टर-31 थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार 22 फरवरी 2026 को दर्ज एफआईआर नंबर 32 के तहत रामदरबार फेज 1 निवासी वंशु और अंकित को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है।
शिकायतकर्ता दीपक कुमार उर्फ दीपु ने पुलिस को बताया कि 22 फरवरी की रात करीब 12:30 बजे वह अपने साथियों वरुण मोगली और तुषार के साथ इंद्रा आवास, फेज-1 रामदरबार के पास अपनी बाइक लेने जा रहे थे।आरोप है कि वहां पहले से मौजूद अंकित और वंशु ने उन्हें रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान वंशु ने तुषार के सीने पर घूंसा मारा और झगड़ा शुरू हो गया।
इसके बाद वंशु अपने 4-5 साथियों के साथ चाकू, तलवार, डंडे और ईंट लेकर तुषार के पीछे दौड़ा और उसे घेर लिया। आरोप है कि वंशु ने तुषार पर कई बार चाकू से वार किया, जबकि अन्य आरोपियों ने तलवार और डंडों से हमला कर उसे घायल कर दिया।
शिकायतकर्ता के अनुसार जब वह और उसका भाई अंकित से बात कर रहे थे, तभी वरुण नामक युवक तलवार लेकर आया और दीपक के सिर पर जान से मारने की नीयत से वार किया। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस की टीम ने त्वरित जांच शुरू की। थाना सेक्टर-31 के एसएचओ इंस्पेक्टर राजीव कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए मामले में वंशु और अंकित को गिरफ्तार कर लिया गया। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।पुलिस जांच में सामने आया की आरोपी वंशु और अंकित के खिलाफ पहले भी अपराधिक मामले दर्ज हैं | दोनों आरोपी बेरोजगार बताए गए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।