अजीत झा
Chandigarh 23 Feb : हेलो माजरा में सिखों के नौवें गुरु गुरु तेग बहादुर जी के 350वें प्रकाश पर्व को समर्पित एक विराट धर्म सम्मेलन का आयोजन श्रद्धा और भव्यता के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और विभिन्न सामाजिक-धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
आयोजन समिति के अनुसार, सम्मेलन का उद्देश्य गुरु तेग बहादुर जी के त्याग, धर्म की रक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान और मानव अधिकारों के लिए उनके संघर्ष के संदेश को समाज तक पहुंचाना था। वक्ताओं ने अपने संबोधन में उनके जीवन, विचारधारा और अद्वितीय बलिदान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में चंडीगढ़ विभाग प्रचारक नरेश, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से अवनीश, डीएवी कॉलेज की लेक्चरर प्रतिभा कौशिक, हल्लोमाजरा गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी बलविंदर सिंह तथा कथा वाचक मोहन मिश्रा मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
आयोजन के संयोजक गणेश झा और उनकी टीम को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बधाई दी गई। समिति सदस्यों और स्वयंसेवकों ने व्यवस्था संभालने में सक्रिय भूमिका निभाई।
आयोजन समिति ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में एकता, भाईचारे और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने में सहायक होते हैं। भविष्य में भी इसी प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन करने का संकल्प व्यक्त किया गया।