लुधियाना, 21 फरवरी। शहर आज भक्ति, संगीत और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर होने जा रहा है। अंतर्राष्ट्रीय श्री कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) जनपथ द्वारा इस्कॉन मंदिर स्टेयरिंग बोर्ड के सहयोग से चौथी भव्य श्री श्री गौर निताई रथ यात्रा आज दोपहर 12 बजे प्राचीन गौशाला, डिवीजन नंबर 3 से श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली जाएगी।
इस्कॉन जनपथ व बोर्ड के अध्यक्ष रक्षा नाथ दास ने बताया कि रथ यात्रा की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। पूरा रथ यात्रा मार्ग आकर्षक सजावट, स्वागत द्वारों और धार्मिक ध्वजों से दुल्हन की तरह सुसज्जित किया गया है। उप चेयरमैन राजेश ढांडा, को-चेयरमैन अमित गर्ग, महासचिव योगेश गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों ने आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं।
रथ यात्रा प्रोजेक्ट डायरेक्टर सोनू अजमानी व उनकी टीम ने बताया कि भगवान गौर निताई का दिव्य रथ देसी-विदेशी फूलों से सुसज्जित है तथा रथ के ऊपर भव्य फूल बंगला तैयार किया गया है। यात्रा मार्ग में 351 स्वागत मंच स्थापित किए गए हैं, जहां श्रद्धालुओं के लिए भंडारा प्रसाद वितरित किया जाएगा।
आयोजकों ने शहरवासियों से परिवार सहित शामिल होकर इस दिव्य आयोजन का पुण्य लाभ लेने की अपील की है।