जीरकपुर 20 Feb : गाजीपुर रोड स्थित ‘सुषमा जॉइनेस्ट’ सोसायटी के निवासी इन दिनों नर्क जैसी स्थिति में जीने को मजबूर हैं। सोसायटी में पानी की भारी किल्लत, बार-बार बिजली गुल होना और खराब लिफ्ट जैसी गंभीर समस्याओं ने यहाँ रहने वाले सैकड़ों परिवारों की जिंदगी मुश्किल बना दी है।
सोसायटी के निवासियों का कहना है कि उन्होंने इन समस्याओं को लेकर कई बार बिल्डर और मेंटेनेंस टीम से गुहार लगाई, लेकिन हर बार केवल खोखले आश्वासन ही दिए गए। स्थिति इतनी गंभीर है कि लिफ्ट बंद होने के कारण बुजुर्ग और मरीज सीढ़ियों का सहारा लेने को मजबूर हैं, जो उनके स्वास्थ्य के लिए खतरा बन रहा है। वहीं, पानी और बिजली की अनियमितता ने बच्चों की पढ़ाई और घर के कामकाज को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है।
बिजली विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, सोसायटी का ₹3,75,000 का बिल बिल्डर से अब तक जमा नहीं हुआ है। विशेषज्ञों के अनुसार यह सीधे तौर पर बिल्डर की प्रबंधन क्षमता और वित्तीय स्थिति पर सवाल उठाता है।
निवासियों ने प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि उनकी मूलभूत सुविधाएँ नियमित रूप से उपलब्ध कराई जा सकें और उनका जीवन सामान्य हो सके।