– गड्ढों के कारण रोज लग रहा जाम, हादसों का बना खतरा
– प्रशासन की अनदेखी से लोगों में रोष
जीरकपुर 29 Dec : अंबाला हाईवे पर मैरीलैंड पेट्रोल पंप के समीप जल निकासी नाले के ओवरफ्लो होने से सर्विस रोड की हालत बदतर हो गई है। नाले का गंदा और बदबूदार पानी सड़क पर फैलने से न केवल हाईवे की सूरत बिगड़ गई है, बल्कि सर्विस रोड पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है।
पिछले कई दिनों से तकनीकी खामी या सफाई की कमी के चलते नाला ओवरफ्लो होकर सीधे सर्विस रोड पर बह रहा है। लगातार दूषित पानी जमा रहने से सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है और जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। दोपहिया वाहन चालकों के लिए स्थिति बेहद खतरनाक बनी हुई है। गंदे पानी से भरे गड्ढों की गहराई का अंदाजा न लग पाने के कारण कई राहगीर फिसलकर गिर चुके हैं और घायल हो रहे हैं।
स्थानीय दुकानदारों और निवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।
फ्लाईओवर के नीचे लग रहा भारी जाम
इस समस्या का सीधा असर यातायात व्यवस्था पर भी पड़ रहा है। सर्विस रोड पर पानी और गड्ढों के कारण वाहन चालकों को धीमी गति से चलना पड़ रहा है। फ्लाईओवर से नीचे उतरने वाले वाहन भी इसी स्थान पर फंस जाते हैं। सर्विस रोड से हाईवे पर मुड़ने वाले वाहन एक ही लेन में रेंगने को मजबूर हैं।
भीड़भाड़ के समय हालात पूरी तरह बेकाबू हो जाते हैं। चंडीगढ़ से दिल्ली की ओर जाने वाला यातायात और डेराबस्सी की ओर जाने वाले स्थानीय वाहन चालक घंटों तक जाम में फंसे रहते हैं। जाम के कारण एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नालियों की समय पर सफाई न होना और ड्रेनेज सिस्टम की विफलता इस संकट का मुख्य कारण है। हाईवे अथॉरिटी और नगर काउंसिल के बीच तालमेल की कमी का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नाले की सफाई कर सड़क की मरम्मत करवाई जाए, ताकि यातायात सुचारू हो सके और हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।