अजीत झा.
चंडीगढ़ 17 Feb : चंडीगढ़ के मलोया क्षेत्र में स्थित शिव-साई मंदिर के पीछे एक राशन की दुकान में भीषण आग लगने से लगभग 2 लाख रुपये का नुकसान हो गया। आग लगने की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुकान मालिक विनीत कुमार की राशन की दुकान में अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान का सारा सामान जल चुका था।
पीड़ित दुकानदार ने बताया कि उसकी दुकान बीमित (इंश्योर्ड) नहीं थी, जिससे उसे भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता देने की अपील की है ताकि वह दोबारा अपना रोजगार शुरू कर सके। स्थानीय निवासियों ने भी प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार की मदद के लिए तुरंत राहत प्रदान की जाए, ताकि उनका जीवन यापन फिर से पटरी पर आ सके।