लुधियाना/यूटर्न/17 फरवरी। शेयर मार्केट में इन्वेस्टमेंट करवाने का झांसा देकर लुधियाना के व्यक्ति से 4.35 करोड़ की ठगी करने वाले एक आरोपी को साइबर सैल की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान हरियाणा के रेवाड़ी के विक्रम यादव के रुप में हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा के दिशा-निर्देशों पर और एडीसीपी वैभव सहिगल की अगुवाई में साइबर क्राइम सैल लुधियाना की और से यह कार्रवाई की गई है। साइबर सैल के इंस्पेक्टर सतबीर सिंह ने बताया कि उन्होंने 12 फरवरी को एक मामला दर्ज किया था। जिसमें आरोपी द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर शिकायतकर्ता को शेयर मार्केट में निवेश कराने का झांसा देकर उससे धोखाधड़ी से लगभग 4 करोड़ 35 लाख रुपये ठग लिए थे। इनमें से 60 लाख रुपये आरोपी विक्रम यादव के खाते में ट्रांसफर हुए थे। जिसके चलते टीम द्वारा विक्रम की तलाश शुरु की गई। जांच के दौरान विक्रम का सुराग लगा। जिसके बाद हरियाणा में रेड कर उसे गिरफ्तार किया गया है। इंस्पेक्टर सतबीर सिंह ने लोगों से अपील की है कि इस प्रकार की किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश से सावधान रहें और तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करें।
----