नगर निगम को दी चेतावनी, जल्द समाधान न हुआ तो घेराव की तैयारी
चंडीगढ़ 17 Feb । चंडीगढ़ के मौलीजागरां कॉम्प्लेक्स वार्ड नंबर 7 में दूषित पेयजल की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष है। क्षेत्र के निवासियों का आरोप है कि कई दिनों से गंदा पानी सप्लाई हो रहा है, जिससे हर घर में कोई न कोई व्यक्ति बीमार हो रहा है, लेकिन प्रशासन अब तक गंभीर कदम नहीं उठा रहा।
इस मुद्दे की गूंज लोकसभा तक पहुंची, जहां सांसद मनीष तिवारी ने मौली जागरण में दूषित पानी की समस्या को उठाया और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
मौके पर प्रदेश सचिव लेखपाल, ब्लॉक अध्यक्ष विनय मिश्रा, जिला सचिव अजय कुमार, पप्पू, इंद्रपाल प्रधान सहित अन्य पदाधिकारी पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम को तुरंत पानी की जांच कर आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करनी चाहिए।
प्रदेश सचिव लेखपाल ने नगर निगम चंडीगढ़ को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में नगर निगम का घेराव किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने भी साफ कहा कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल क्षेत्र में पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे जाने और आपूर्ति लाइन की जांच की मांग की जा रही है।