7 हस्तियों का सम्मान, सतविंदर बिट्टी का अखाड़ा रहेगा आकर्षण
लुधियाना, 12 फरवरी।
माता साहिब कौर स्पोर्ट्स चैरिटेबल ट्रस्ट, पिंड जरखड़ की ओर से आयोजित 38वीं मॉडर्न पेंडू मिनी ओलंपिक जरखड़ खेलें 13, 14 और 15 फरवरी 2026 को करवाए जा रहे हैं। गुरु नानक स्टेडियम में आयोजित प्रेस वार्ता में चेयरमैन नरिंदरपाल सिंह सिद्धू ने बताया कि 13 फरवरी को सुबह 11 बजे भव्य उद्घाटन समारोह होगा, जिसमें स्कूलों के बच्चों का मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहेंगे। खेल मशाल जन्नत-ए-जरखड़ म्यूजियम से स्टेडियम पहुंचेगी। उद्घाटन कैबिनेट मंत्री तरनप्रीत सिंह सोंध करेंगे।
15 फरवरी को समापन समारोह में 7 विशिष्ट हस्तियों को अलग-अलग पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। खेलों में हॉकी, कबड्डी, फुटबॉल और रस्साकशी सहित विभिन्न आयु वर्गों के मुकाबले होंगे। कबड्डी में ₹2.5 लाख और फुटबॉल में ₹10 लाख की इनामी राशि दी जाएगी। विजेताओं को कुल 70 साइकिलें भी प्रदान की जाएंगी।
खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए लंगर व जूस की विशेष व्यवस्था रहेगी। समापन अवसर पर प्रसिद्ध लोक गायिका सतविंदर बिट्टी सहित अन्य कलाकारों का अखाड़ा भी सजेगा। आयोजकों के अनुसार, ये खेल नशा-मुक्त समाज के संदेश को मजबूत करेंगे।