लुधियाना/यूटर्न/11 फरवरी। गुरदेव नगर में मंगलवार को रुबिकॉन कार के साथ यामाहा आर15 सवार दो युवकों की जोरदार टक्कर हो गई थी। इस हादसे में धर्मपुरा के लक्ष्य (18) की मौत हो गई, जबकि उसका साथी सक्षम डीएमसी अस्पताल में जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रहा है। वहीं इस हादसे में कई पहलु निकलकर सामने आए हैं। दरअसल, मामले में आरोपी रुबिकॉन कार सवार शिवा सचदेवा शहर का मशहूर जिम ट्रेनर है। हादसे के समय वहीं कार चला रहा था। जिसके चलते शहर में चर्चा छिड़ गई है कि लोगों को अच्छी सेहत और तंदरुस्त शरीर बनाने की ट्रेनिंग देने वाले ट्रेनर ने ही एक युवक की जिंदगी छीन ली। जानकारी के अनुसार आरोपी शिवा सचदेवा शहर के नामी शिवा जिम का ट्रेनर है। इस मामले में थाना डिवीजन नंबर पांच की पुलिस ने लक्ष्य के पिता रोहित कुमार के बयानों पर शिवा सचदेवा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी भी कर ली गई है।
सीसीटीवी में दिखी लापरवाही
इस हादसे की एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। फुटेज मुताबिक दो युवक तेज रफ्तार से बाइक पर आ रहे होते हैं। इसी बीच आरोपी शिवा रुबिकॉन कार को सीधे जाते जाते एकदम गली की तरफ मोड़ देता है। जिसके चलते बाइक सीधे कार में टकरा जाती है।
कार चालक ने नियमों का किया उल्लंघन
वहीं अगर ट्रैफिक नियमों की बात करें, तो नियम कहते हैं कि मोड़ आने पर पहले वाहन चालक को रुककर दूसरी सड़कों पर आ रहे वाहनों को देखकर मोड़ मुड़ना चाहिए। वहीं अगर चौरस्ता हो तो चारों सड़कों पर आ रहे वाहनों को ध्यान में रखकर वाहन मोड़ना होता है। इसी के साथ मुड़ने से पहले इंडिकेटर देना जरुरी है। लेकिन आरोपी शिवा द्वारा न तो मोड़ पर रुककर देखा गया और न ही इंडिकेटर दिया गया।
बीबीए का स्टूडेंट था लक्ष्य
वहीं हादसे में अपनी जान गंवाने वाला युवक चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी में पढ़ता था। वह बीबीए का स्टूडेंट था। हादसे के समय लक्ष्य अपने दोस्त सक्षम के साथ खाने पीने के लिए जा रहा था। लेकिन रास्ते में ही हादसा हो गय। वहीं लक्ष्य के पिता एक प्राइवेट जॉब करते हैं और माता गृहणी हैं। उसकी एक भाई और बहन है।
लोगों को ट्रैफिक नियम का पाठ पढ़ाना जरुरी
आज के समय में लोग वाहन तो ले लेते हैं, लेकिन उन्हें ट्रैफिक नियमों की पूरी जानकारी नहीं होती। इसी का नतीजा रहा कि एक युवक को इस हादसे में अपनी जान गंवानी पड़ी। अगर रुबिकॉन कार चालक को ट्रैफिक नियम पता होते और युवक भी रुल्स मुताबिक चलते तो शायद हादसा न हो पाता। वहीं इसके अलावा भी लुधियाना में वाहन चालक किसी भी सड़क पर रॉन्ग साइड़ चलने लग जाते हैं, रॉन्ग पार्किंग, ओवर स्पीड और डेंजर्स ड्राइविंग तो शहर में आम देखने को मिलती है। जिसके चलते ट्रैफिक पुलिस को चाहिए कि पहले शहरवासियों को ट्रैफिक नियम पढ़ाए जाएं।