अमृतसर, 27 दिसंबर
अजनाला क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ से पशुधन का नुकसान झेलने वाले पशुपालकों के पुनर्वास के लिए जिला प्रशासन ने एक और सराहनीय पहल की है। डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह के नेतृत्व में मिशन चढ़दी कला और मिशन सांझा उपराला के तहत 23 और प्रभावित पशुपालकों को उत्तम नस्ल की साहीवाल गायें उपलब्ध करवाई गईं। इससे पहले भी 16 परिवारों को गायें दी जा चुकी हैं।
इस अवसर पर हलका विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल, विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर रोहित गुप्ता, रेड क्रॉस के सचिव सैमसन मसीह और दानदाता राकेश हांडा उपस्थित रहे।
धालीवाल ने कहा कि गाय दान न केवल पवित्र कार्य है, बल्कि यह जरूरतमंद परिवारों के लिए स्थायी रोजगार का साधन भी बनेगा। विधायक निज्जर ने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए सभी समाजसेवियों का धन्यवाद किया।
डिप्टी कमिश्नर ने भरोसा दिलाया कि रेड क्रॉस भविष्य में भी जरूरतमंदों की सहायता जारी रखेगा।